देहरादून के सहस्त्रधारा क्रॉसिंग के पास चूनाभट्टा इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खंडहरनुमा मकान से करीब 35 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव का निरीक्षण कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
तीन दिन से लापता थी महिला, ओवरडोज़ या हत्या—जांच में जुटी पुलिस
परिजनों के अनुसार, महिला पिछले तीन दिनों से घर से लापता थी। परिवार के लोग उसकी लगातार तलाश कर रहे थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि मामला इतना गंभीर रूप ले लेगा। मृतका का पति ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है और उनके घर में 3-4 साल का एक छोटा बच्चा भी है।
जानकारी के मुताबिक, महिला लंबे समय से नशे की लत से जूझ रही थी। परिजनों ने उसे समझाने और सुधारने की हर संभव कोशिश की, यहां तक कि कुछ समय पहले उसे नशामुक्ति केंद्र में भी भर्ती कराया गया था। वहां से लौटने के बाद कुछ समय तक स्थिति सामान्य रही, लेकिन बाद में वह फिर से नशे की गिरफ्त में आ गई।
पुलिस जांच में महिला के हाथों पर कई निशान पाए गए हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि वह इंजेक्शन के जरिए नशा करती थी। प्राथमिक तौर पर ड्रग ओवरडोज़ से मौत की संभावना जताई जा रही है, लेकिन महिला के सिर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।




