रुड़की में अब सरकारी स्कूलों के छात्र-छात्राओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की पढ़ाई का अवसर मिलेगा। तहसील परिसर में एक अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब का लोकार्पण किया गया है, जो बच्चों के डिजिटल भविष्य को नई दिशा देगा। यह पहल खासतौर पर सरकारी स्कूलों और बालिकाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
DM मयूर दीक्षित और IIT रुड़की निदेशक ने किया उद्घाटन, AI प्रशिक्षण का रास्ता खुला
इस आधुनिक कंप्यूटर लैब का उद्घाटन जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और IIT Roorkee के निदेशक प्रो. के. के. पंत ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन और IIT Roorkee के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर भी हुए। इसके तहत छात्रों को कंप्यूटर और AI की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाएगी। IIT के प्रोफेसर और छात्र कम्युनिटी आउटरीच प्रोग्राम के जरिए प्रशिक्षण देंगे और कोर्स पूरा करने पर प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि यह पहल छात्रों के लिए नए अवसर खोलेगी और उन्हें डिजिटल भारत का हिस्सा बनने में मदद करेगी।
रुड़की में शुरू हुई यह पहल डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने के साथ-साथ ग्रामीण और वंचित वर्ग के बच्चों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।




