रुड़की पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। नाबालिग के अपहरण के मामले में आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया गया है। यह मामला 24 दिसंबर 2025 का है, जब कोतवाली रुड़की क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी।
इस मामले में पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 476/25 के तहत पॉक्सो अधिनियम में केस दर्ज किया था। मामले की जांच उपनिरीक्षक रेखा पाल को सौंपी गई थी। वहीं प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उपनिरीक्षक ध्वजवीर सिंह पवार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।
हिसार से दबोचा गया आरोपी, आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस टीम ने लगातार पतारसी और सुरागरसी करते हुए आरोपी की तलाश जारी रखी और आखिरकार उसे हरियाणा के हिसार से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मुकेश कुमार, निवासी न्यू ऋषि नगर, हिसार (हरियाणा) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।




