देहरादून में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रेमनगर क्षेत्र के मांडूवाला जंगल में कुछ दिनों पहले मिली अज्ञात महिला की लाश के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि महिला का पहला पति ही निकला।
मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र का है, जहां मांडूवाला रोड स्थित बालासुंदरी मंदिर के पास एक महिला का शव बोरे में बंद मिला था। शव लगभग 4 से 5 दिन पुराना था और चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था।
एसएसपी परमेंद्र डोबाल के अनुसार, मृतका रूपा मजदूरी करती थी और उसका पहला पति रंजीत भी मजदूर है। करीब 4 साल पहले महिला ने दूसरी शादी कर ली थी, जिसके बाद आरोपी ने भी दूसरी शादी कर ली थी।
बताया गया कि एक साल पहले महिला अपने दूसरे पति को छोड़कर फिर से आरोपी के संपर्क में आ गई थी। एक महीने पहले वह अपनी 11 महीने की बच्ची के साथ देहरादून पहुंची और आरोपी पर दबाव बना रही थी कि वह अपनी दूसरी पत्नी को छोड़कर उसके साथ रहे।
इसी विवाद और दबाव से परेशान होकर आरोपी ने महिला की हत्या कर दी और शव को बोरे में भरकर मांडूवाला जंगल में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




