कुंभ मेला 2027 की तैयारियों का जायजा लेने उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद वर्धन हरिद्वार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय अधिकारियों के साथ निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव अस्वस्थ नजर आए, लेकिन उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर चल रहे कार्यों को तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने कहा कि कुंभ मेले के सभी कार्य निर्धारित समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने हरिद्वार प्रशासन की तैयारियों पर संतोष जताते हुए कहा कि प्रशासन पहले से ही पूरी तरह तैयारियों में जुटा हुआ है और व्यवस्थाएं सही दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
उन्होंने बताया कि कुंभ 2027 की भव्य तैयारियां तेजी से चल रही हैं। इसके साथ ही आगामी चार धाम यात्रा को लेकर भी शासन स्तर पर तैयारियां पहले ही शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि चारों धामों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाएगा, ताकि यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाया जा सके, जो सरकार की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान शहरी विकास सचिव नितेश झा, गढ़वाल मंडल के आयुक्त विनय शंकर पांडे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर और अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।




