नैनीताल:- उत्तराखंड के नैनीताल जनपद के धारी विकासखंड अंतर्गत खुटियाखाल गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। दोपहर लगभग 12 बजे गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला पर तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, वहीं ग्रामीणों में वन विभाग को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान गंगा देवी पत्नी जीवन चंद्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गंगा देवी रविवार दोपहर अपने घर के आसपास ही मौजूद थीं, तभी घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमला इतना अचानक और भयावह था कि महिला को बचने का कोई अवसर नहीं मिल सका और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और वन विभाग में हड़कंप मच गया। वन विभाग की टीम तथा प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके के लिए रवाना हुए। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और स्थिति का जायजा लेने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में जबरदस्त रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियां लंबे समय से देखी जा रही थीं और इसकी जानकारी कई बार वन विभाग को दी गई थी। इसके बावजूद समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि विभाग ने पहले ही उचित कार्रवाई की होती, तो आज एक निर्दोष महिला की जान नहीं जाती। ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए तेंदुए को पकड़ने और क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है। घटना की पुष्टि करते हुए धारी के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अंशुल भट्ट ने बताया कि उन्हें महिला की तेंदुए के हमले में मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि वन विभाग की टीम को तुरंत घटनास्थल पर भेज दिया गया है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



