रुड़की की गंगनहर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को यह सफलता मिली।
पुलिस टीम ने गोविंद नगर स्थित सत्यनारायण मंदिर वाली गली में दबिश देकर एक युवक को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का एक देशी तमंचा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान मोहित, निवासी नाथूखेड़ी मंगलौर के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी तमंचा रखने का कोई वैध कारण नहीं बता सका, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गंगनहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।




