पिथौरागढ़।
नगर के जाखनी क्षेत्र में शनिवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पारिवारिक विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद कोतवाली पहुंचा और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
मृतका की पहचान नीलम उर्फ निर्मला देवी (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति राजेश राम लाबड़ (35 वर्ष) है, जो पुणे में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत था और इन दिनों छुट्टी पर पिथौरागढ़ आया हुआ था।
पुलिस के अनुसार आरोपी को पत्नी के चाल-चलन पर संदेह था। उसका कहना है कि पत्नी अधिकतर समय फोन पर व्यस्त रहती थी, जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की गई। मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है।




