देहरादून स्थित जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे न्यायालय परिसर को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की मदद से परिसर के कोने-कोने की जांच की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। खुफिया एजेंसियों को भी अलर्ट पर रखा गया है और धमकी देने वाले की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
उत्तराखंड के कई जिलों में मिल चुकी हैं धमकियां, जांच जारी
इससे पहले Haridwar, Uttarkashi, Rudraprayag, Tehri और Nainital के जिला न्यायालयों को भी बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। सभी स्थानों पर पुलिस ने व्यापक जांच-पड़ताल की, लेकिन कहीं भी कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
धमकियों के बाद न्यायालय परिसरों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस इस मामले को असामाजिक तत्वों की शरारत से जोड़कर भी देख रही है। फिलहाल सभी मामलों में अलग-अलग जांच शुरू कर दी गई है और साइबर सेल भी अलर्ट मोड पर है।
सोमवार को उत्तरकाशी और नैनीताल न्यायालय को धमकी मिली थी, जबकि आज देहरादून कोर्ट को धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। पुलिस ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।




