हरिद्वार। होली पर्व के अवसर पर हरिद्वार पुलिस ने आम जनता को खास तोहफा दिया है। ‘ऑपरेशन रिकवरी’ के तहत थाना सिडकुल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 140 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में चलाया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी माध्यमों से मोबाइल फोन का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (CEIR) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर त्वरित कार्रवाई की गई। इसके परिणामस्वरूप लगभग 35 लाख रुपये से अधिक कीमत के मोबाइल फोन खोज निकाले गए। बरामद मोबाइलों में सिडकुल क्षेत्र की कंपनियों में कार्यरत बाहरी राज्यों के कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों के फोन शामिल हैं।
मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई। इस संबंध में एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को कोई लावारिस मोबाइल फोन मिले, तो उसे तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस चौकी में जमा कराएं।




