देहरादून: प्रदेश के माननीय कैबिनेट मंत्री (परिवहन) ने आज विधानसभा स्थित अपने कक्ष में परिवहन विभाग एवं उत्तराखंड परिवहन निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी चारधाम यात्रा और कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए राज्य की परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, सुरक्षित एवं यात्री-अनुकूल बनाना था।
बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का यात्रा अनुभव सुरक्षित, सुगम और सुखद होना चाहिए। उन्होंने बसों के बेहतर संचालन, प्रभावी रूट प्लानिंग तथा यात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके साथ ही परिवहन निगम की कार्यप्रणाली में आधुनिक तकनीक के उपयोग, बसों की स्थिति में सुधार तथा सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई, ताकि प्रदेश की जनता को बेहतर और विश्वसनीय परिवहन सेवा उपलब्ध कराई जा सके।
इस अवसर पर उत्तराखंड परिवहन निगम की प्रबंध निदेशक रीना जोशी, अपर परिवहन आयुक्त संत कुमार सिंह, संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव कुमार मेहरा, उप परिवहन आयुक्त दिनेश चंद्र पदोई, शैलेश तिवारी और सुनील शर्मा, एआरटीओ ऋषिकेश रावत सिंह, आरटीओ देहरादून संदीप सैनी एवं अनीता चमोला, महाप्रबंधक परिवहन निगम क्रांति सिंह, उप महाप्रबंधक भूपेश आनंद कुशवाहा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



