जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चल रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत खानपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश सीमा से सटे क्षेत्र में घेराबंदी कर अवैध हथियारों की बड़ी खेप के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस टीम बिजनौर सीमा पर सघन चेकिंग अभियान चला रही थी, तभी बिना नंबर प्लेट की बाइक पर दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही दोनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने बैरियर लगाकर उन्हें घेर लिया। इस दौरान बाइक सवारों और पुलिस के बीच हाथापाई भी हुई। भागने की कोशिश में पीछे बैठा एक आरोपी गिर पड़ा, जिसे पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शमशेर पुत्र महमूद के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियारों का जखीरा बरामद हुआ, जिसमें तीन देशी तमंचे (315 बोर), एक देशी तमंचा (12 बोर) और 40 जिंदा कारतूस (12 बोर) शामिल हैं।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल के अनुसार, आरोपी ये हथियार मुजफ्फरनगर के पुरकाजी क्षेत्र से लाया था और हरिद्वार के पथरी इलाके में सप्लाई करने जा रहा था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह पहले भी पथरी क्षेत्र में हथियारों की सप्लाई कर चुका है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।




