रुड़की के लक्सर से एक बेहद सनसनीखेज खबर सामने आई है जहां स्कूली छात्रों पर फायरिंग कर दी गई। गनीमत रही कि इस हमले में छात्रों की जान बाल-बाल बच गई लेकिन इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। लक्सर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब होली एंजेल पब्लिक स्कूल के बाहर कुछ नकाबपोश दबंगों ने दो स्कूली छात्रों को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों छात्र स्कूल में परीक्षा देने आए थे और पेपर खत्म होने के बाद जैसे ही बाहर निकले पहले से घात लगाए करीब कुछ दबंग युवकों ने उन पर हमला बोल दिया। गोली चलने से छात्र बाल-बाल बच गए लेकिन हमलावरों ने उनके साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद मौके पर म आरोपी शोर सुनकर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई यह पूरी वारदात अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है जिसमें बदमाशों को भागते हुए देखा जा सकता है। पीड़ित छात्रों के परिजनों ने नामजद आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। लक्सर पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।




