चारधाम यात्रा से पहले हरिद्वार में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान तेज कर दिया है। हर की पैड़ी क्षेत्र में सीसीआर भवन के सामने अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाकर प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि यात्रा से पहले शहर को पूरी तरह व्यवस्थित किया जाएगा।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के बाद तेज हुई है, जबकि डीएम मयूर दीक्षित के नेतृत्व में जिला प्रशासन लगातार अभियान को आगे बढ़ा रहा है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुविधा, सुचारु यातायात और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
सिटी मजिस्ट्रेट कुसुम चौहान ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं, ऐसे में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटने से यातायात सुचारु रहेगा और शहर में व्यवस्था बनी रहेगी।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण मिल सके।




