रुड़की की खानपुर विधानसभा क्षेत्र के भंगेड़ी गांव में आयोजित भव्य महिला सम्मेलन में महिलाओं का उत्साह और राजनीतिक जागरूकता साफ तौर पर देखने को मिली। सम्मेलन का नेतृत्व उत्तराखंड क्रांति दल के जिलाध्यक्ष मास्टर दीपक लाखवान ने किया, जिसमें 50 से अधिक महिलाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार को गति देते हुए रेनू चंद्रा को भंगेड़ी ग्राम पंचायत महिला मोर्चा अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं बबीता रावत को महिला संगठन मंत्री और प्रमिला रावत को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम का संचालन जिला संगठन मंत्री डॉ. मनीषा जेदली ने किया। उन्होंने प्रदेश में बढ़ती महंगी शिक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि आम परिवारों के बच्चों के लिए शिक्षा हासिल करना लगातार कठिन होता जा रहा है।
सम्मेलन में नवनियुक्त पदाधिकारियों ने महिलाओं को जागरूक करने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। एडवोकेट महक सिंह सैनी ने महिलाओं को उनके अधिकारों और सामाजिक-राजनीतिक भागीदारी के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष मास्टर दीपक लाखवान ने राष्ट्रीय दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनके पास विकास का कोई स्पष्ट विजन नहीं है। उन्होंने दावा किया कि यदि उत्तराखंड क्रांति दल को अवसर मिलता है तो सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाया जाएगा, अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी और बिजली दरों को आधा किया जाएगा।




